रायबरेली। मुंशीगंज कस्बे से सराफा की दुकान से जेवरात चोरी करने वाली महिला को भदोखर पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। पकड़ी गई महिला चित्रकूट जिले की रहने वाली है। आरोपी महिला के पास से चोरी किए गए 50 हजार कीमत के जेवरात बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि खनुवा गांव निवासी सतीशचंद्र सोनी की मुंशीगंज कस्बे में सराफा की दुकान है। बीती 11 जून को करीब 12.30 बजे एक अज्ञात महिला दुकान पर जेवरात खरीदने के लिए पहुंची थी। कुछ देर बाद महिला साड़ी खरीदने की बात कहकर दुकान से चली गई। महिला के जाने के बाद दुकानदार को पता चला कि महिला ने उनकी दुकान से आभूषण चोरी कर के ले गई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
एसपी के मुताबिक इसके लिए अलग से विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने शनिवार को सुबह करीब सात बजे मुंशीगंज कस्बे के पास से घटना में शामिल चित्रकूट जिले के मऊ थाना क्षेत्र के मऊ हरिजन बस्ती की रीना साहू को दबोच लिया। महिला के पास से चोरी की गई चांदी की छह बिछिया, एक जोड़ी कान की टाप्स, एक लाॅकेट समेत अन्य आभूषण भी बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिए आरोपी महिला की पहचान के बाद हुई। आरोपी महिला सराफा दुकानदारों को टारगेट कर चोरी की घटना को अंजाम देती थी।