लखनऊ में पेट्रोल पंप मशीनों में चिप का खुलासा होने के बाद जिले में बुधवार को अभियान चलाकर पेट्रोल पंपों पर छापेमारी की गई। इस दौरान रतापुर के निकट हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप विजय ऑटो फ्यूल गल्ला मंडी में एक मशीन के तार आपस में जुडे़ मिले।
चिप के जरिये घटतौली की आशंका के चलते डीजल मशीन को सील कर दिया गया है। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट शैलेंद्र मिश्रा का कहना है कि पेट्रोल पंप से घटतौली की आशंका होने पर कार्रवाई की गई है। शासन की ओर से जिले के सभी पेट्रोल पंप की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट शैलेंद्र मिश्रा, एसडीएम मदन कुमार, एसडीएम राजीव राय की अगुवाई में तीन टीमें गठित की हैं। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट शैलेंद्र मिश्रा, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रमेश कुमार की अगुवाई में टीम ने बुधवार शाम 4 बजे आरकेबीके पेट्रोल पंप सिविल लाइंस की जांच की।
यहां पर सबकुछ सही मिला। इसके बाद रतापुर स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम की मंशा अवस्थी के पेट्रोल पंप की जांच की। यहां पर एक मशीन खराब मिली। वहीं एक डीजल की मशीन के वायर आपस में जुडे़ मिले। तकनीकी टीम ने मामला संदेहास्पद बताया।
इस पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने मशीन को सील कर दिया है। जांच के बाद अब ही इस मशीन से डीजल की आपूर्ति की जा सकेगी। इस दौरान मौके पर आपूर्ति निरीक्षक मुबीनुद्दीन सिद्दीकी, विनोद कुमार शुक्ला, वरिष्ठ निरीक्षक बांट माप विभाग के मनोज कुमार शुक्ला, आईओसी रिटेल प्रबंधक बीके सिंह भी मौजूद रहे।
वहीं एसडीएम मदन कुमार और राजीव राय का कहना है कि सूचना देर से मिली है। इसके कारण अभियान नहीं चलाया जा सका। क्रम वार जिले के सभी 78 पेट्रोल पंपाें की जांच की जाएगी। पेट्रोल पंपों की जांच में आईओसी, एचपी, बीपीसीएल समेत अन्य कंपनियों के टेक्निकल स्टाफ भी टीम में शामिल हैै।
यही कर्मचारी पेट्रोल पंपों में जाकर चिप लगने अथवा अन्य कोई गड़बड़ी का जांच करेगी। आशंका जताई जा रही है कि जिले के कई पेट्रोल पंपों में भी चिप लगी हैं। पहले से सूचना होने के कारण ज्यादातर संचालकों ने चिप निकाल दी है।
डीएम अभय सिंह का कहना है कि जांच के दौरान सभी टीमों के साथ वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। सभी रिकॉर्डिंग को सुरक्षित पेनड्राइव में रखा जाएगा। जहां पर गड़बड़ी मिलेगी, उनके खिलाफ कार्रवाई करके शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।