मिल एरिया थाने में हुए समाधान दिवस में लोगों की शिकायत सुनते अधिकारी।
रायबरेली। जिले के थानों और कोतवाली में शनिवार को थाना समाधान दिवस आयोजित हुआ। इसमें फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। कुछ मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ, जबकि अधिकांश फरियादियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। अधिकारियों ने लंबित शिकायतों का जल्द निस्तारण कराने के निर्देश दिए। अधिकांश शिकायतें राजस्व संबंधी रहीं।
मिल एरिया थाने में आयोजित समाधान दिवस में नायब तहसीलदार शमीम अहमद और थानाध्यक्ष संजय कुमार ने 12 फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इनमें दो मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। सलोन कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय ने छह फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इनमें किसी भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
गुरुबख्शगंज थाने में आयोजित समाधान दिवस में पूरे सरदार गांव निवासी टिर्रा ने गांव के एक व्यक्ति पर जबरन जमीन पर कब्जा करने की शिकायत की। उपनिरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि कुल पांच शिकायतें प्राप्त हुईं। इनके निस्तारण के लिए राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई है।
पेड़ की छंटाई कराने की मांग
लालगंज। कोतवाली परिसर में शनिवार को थाना समाधान दिवस आयोजित हुआ। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। कुल 13 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें एक का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। पूरे भैरव मिश्रा सोडासी निवासी बाबूलाल यादव ने बताया कि गांव में नीम के पेड़ के पास से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। बिजली लाइन पेड़ की डालियों से छू रही है। तेज हवा चलने पर हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने विद्युत विभाग से पेड़ की छंटाई कराने की मांग की।