रायबरेली। नगर पंचायत सलोन के अध्यक्ष पद के उपचुनाव की मतगणना बृहस्पतिवार को होगी। 13 अक्तूबर को हुए मतदान के बाद अब सभी की निगाहें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं। सलोन स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। दोपहर बाद परिणाम आने की संभावना है।
मतगणना की तैयारियों के तहत बुधवार को डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने विकास भवन सभागार में मतगणना कर्मियों को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण प्रभारी अनूप कुमार ने कर्मचारियों को मतगणना की प्रक्रिया और विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी।डीएम ने निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मतगणना संपन्न कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कुल 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतगणना के साथ ही इन सभी प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चंद्र राय, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) विनायक शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।