रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में बकायेदारों के कनेक्शन काटने गई टीम को खफा ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने पहुंचकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। सभी को चेतावनी दी कि यदि इस तरह दुबारा हंगामा किया तो केस दर्ज किया जाएगा।
अवर अभियंता संजय भारती ने बताया कि उतरपारा उपकेंद्र से जुड़े अजरहा गांव के उपभोक्ताओं के ऊपर करीब पांच लाख रुपया बिजली का बिल बकाया है। कई बार चेतावनी के बाद लोग बिल नहीं जमा कर रहे हैं।
रविवार को शत्रोहनलाल मौर्य की अगुवाई में लाइनमेन सुरेश लाल, विनोद कुमार के अलावा राजकुमार, कृष्णकांत, शमशेर, दयाराम की टीम गांव गई थी। 13 लोगों के कनेक्शन काटे गए। इसी बीच कुछ लोग विरोध करने लगे।
विवाद बढ़ने पर डायल 100 पुलिस पहुंची। इस पर ग्रामीण शांत हुए। अवर अभियंता ने बताया कि 10 हजार के ऊपर के बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। यदि दुबारा किसी ने सरकारी कार्य में हस्तक्षेप किया तो उसके खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा।
जगतपुर प्रतिनिधि के अनुसार टीजी टू जागेश्वर टीजी ने बताया कि भटपुरवा और मनोहरगंज में 15 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। इन पर करीब साढ़े तीन लाख रुपया बकाया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने बिना बकाया जमा किए कनेक्शन जोड़ा तो केस दर्ज कराया जाएगा।