विद्युत उपकेंद्र जगतपुर में जेई को ज्ञापन सौंपते जिला पंचायत सदस्य व ग्रामीण।
- फोटो : संवाद
रायबरेली। विद्युत उपकेंद्र जगतपुर से जुड़े उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली नहीं मिल रही है। दिन में बिजली नहीं आती और शाम को ट्रिपिंग की समस्या से जूझना पड़ता है। ऐसे में लोगाें के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया है।
मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य राकेश सिंह राना की अगुवाई में ग्रामीणों ने उपकेंद्र का घेराव किया। अवर अभियंता चंद्रेश पटेल को ज्ञापन सौंपकर बिजली कटौती बंद किए जाने की मांग की। जिला पंचायत सदस्य ने बताया कि बिजली कटौती से जगतपुर कस्बे में सन्नाटा पसरा रहता है। व्यापारियों का कारोबार भी चौपट हो रहा है।
जगदीश कुरील, हिमांशु सिंह, छत्रपाल यादव, राम प्रकाश, विश्वनाथ त्रिवेदी, दीपक कुमार, प्रमोद कुमार, सुमेश गुप्ता ने बताया कि सुबह पांच बजे से नौ बजे तक रोस्टिंग होती है। इसके बाद आग की घटनाओं से बचने के लिए पूरे दिन बिजली काट दी जाती है। शाम को बिजली आती है, तो ट्रिपिंग से जूझना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पूरे साल मरम्मत के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं। इसके बावजूद बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि जगतपुर कस्बे को बिजली झकरासी फीडर से दी जाती है। ओवरलोड के चलते ट्रिपिंग की समस्या से जूझना पड़ रहा है। जगतपुर कस्बे के लिए अलग से फीडर बनाने की मांग की।