रायबरेली। पूरे देश में कोरोना का कहर बढ़ रहा है, लेकिन जिले के लोगों की सतर्कता के कारण कारोना वायरस नियंत्रण में है। गुरुवार की रात संदिग्ध मरीज की जांच के लिए केजीएमयू भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट आ गई है। रोगी में कोरोना निगेटिव पाया गया है।
अब तक चार संदिग्ध मरीजों की जांच कराई गई, जिसमें सभी निगेटिव पाए गए हैं। जिले में लॉकडाउन के असर और लोगों की सजगता के कारण जिले में महामारी घुसने नहीं पा रही है। परदेश से आए 162 लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें रोजाना बाहरी लोगों पर नजर रखे हुए हैं।
जनता कफ्र्यू के बाद शुक्रवार को लॉकडाउन का तीसरा दिन है। घरों में दुबके लोग टीवी व अन्य माध्यमों से देश में कोरोना का हाल जान रहे हैं। घर से बाहर निकलने वाले लोग भी अन्य लोगों के संपर्क में आने से बच रहे हैं।
लोग यह जान भी रहे हैं कि कोरोना से बचना है तो दूसरे लोगों के संपर्क में आने से परहेज करना होगा। इसी का नतीजा है कि जिले में अब तक कोरोना वायरस का कोई भी पेसेंट नहीं पाया गया है। बाहर से आए लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।
पुणे से आए मरीज में लक्षण पाए जाने पर सैंपल जांच के लिए भेजा गया। जांच में कोरोना निगेटिव पाए जाने के बाद उसे शुक्रवार की शाम घर भेज दिया गया। इसके बावजूद वे लोग और अलर्ट रहें, जो अभी भी लोगों के बीच आने जाने में परहेज नहीं कर रहे हैं।
कोरोनो से बचना है तो लोगों से दूरी बना कर रखनी है। जिले की दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का फार्मूला साफ देखने को मिल रहा है। हर कोई दुकानों पर दूरी बनाकर खड़े होकर सामान खरीद रहा है। सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती हौ, जहां लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं, वहां पुलिस इसका अनुपालन करवा रही है।