रायबरेली। शराब की दो बोतलें रखी हैं। बगल में पानी की बोतलें भी हैं। चार-पांच लोग बैठकर मूंगफली खा रहे हैं। शराब के गिलास भी दिख रहे हैं। सोमवार को ऐसा एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। कथित वीडियो सदर तहसील क्षेत्र के हरचंदपुर क्षेत्र के अचाकापुर मोड़ स्थित राजस्व विभाग से संबंधित कक्ष का बताया जा रहा है, इसमें कानूनगो के साथ कई लेखपालों के साथ में शराब पीने की बात कही जा रही है।
मामला संज्ञान में आने के बाद सदर तहसीलदार प्रज्ञा द्विवेदी ने नायब तहसीलदार मंजरी सिंह को जांच सौंप दी है। उन्होंने तत्काल जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। वीडियो संज्ञान में आने के बाद संयुक्त मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर प्रफुल्ल कुमार शर्मा ने तहसीलदार सदर को जांच कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसीलदार ने नायब तहसीलदार मंजरी सिंह की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित कर दी है।
तहसीलदार सदर प्रज्ञा द्विवेदी ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आने के बाद एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार की जांच कमेटी गठित कर दी गई है। टीम को तत्काल जांच रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी।