रायबरेली में शुक्रवार को खीरों थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मृतक युवक के गमगीन परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव जिले के गुलरिहा गांव के पास एक वाहन की टक्कर से एक ग्रामीण घायल हो गया। उसे यहां सीएचसी खीरों लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
पाहो निवासी दयाराम कोरी (52) गांव के ही राजू सिंह के यहां मजदूरी करता था।
गुरुवार की शाम दयाराम बैलगाड़ी से राजू सिंह के साथ सतांव सामान लाने गया था। लौटते समय गुरुबक्सगंज में दयाराम बैलगाड़ी से उतरकर मिश्रखेड़ा में अपनी बहन रामरती के घर जाने की बात कहकर चला गया। देर रात गुरुबख्शगंज-मौरावां मार्ग पर गुलरिहा गांव के पास दयाराम कोरी बेहोश मिला।
वह घायल था। मौरावां पुलिस ने उसे एंबुलेंस से खीरों सीएचसी पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। दर्दनाक हादसे से मृतक की पत्नी राम पियारी, पुत्र संदीप, रंजीत, सुधीर, श्रवण कुमार के आंसू नहीं थम रहे हैं।
थानेदार संजय सिंह का कहना है कि यह घटना उन्नाव जिले के मौरावां थाना क्षेत्र की है। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।