सलोन। सब्जी विक्रेता मो. कफील से मंगलवार सुबह तमंचे के बल पर एसयूवी सवार दो लोगों ने 23,500 रुपये लूट लिए। घटना के बाद बदमाश विक्रेता को सलोन-परशदेपुर बाईपास के पास गाड़ी से बाहर फेंककर भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परशदेपुर निवासी मो. कफील मंगलवार सुबह सलोन मंडी में कद्दू बेचने गए थे। मंडी से लौटने के बाद वह तहसील चौराहे पर रिक्शे का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की एसयूवी सवार दो लोगों ने उन्हें परशदेपुर छोड़ने की बात कहकर गाड़ी में बैठा लिया।
कफील के अनुसार, कुछ दूर जाने के बाद दोनों ने तमंचा दिखाकर उनसे 23,500 रुपये लूट लिए। इसके बाद उन्हें सलोन-परशदेपुर बाईपास के पास गाड़ी से बाहर फेंक दिया और भाग निकले। पीड़ित ने बेटे जुनैद के साथ सलोन कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मुख्य चौराहे और पुलिस बूथ के पास हुई घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। सीओ सलोन यादुवेंद्र बहादुर ने बताया कि विक्रेता स्वयं एसयूवी में बैठा था। पीड़ित की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।