शिवगढ़ (रायबरेली)। सपा नेता के बेटे और उसके साथियों ने लोडर चालक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। यह वीडियो सोमवार का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद सपा नेता और साथियों की दबंगई सामने आ गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुुए पुलिस ने सपा नेता के बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे जमादार मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला निवासी रामचंद्र यादव सोमवार को अपनी लोडर गाड़ी (यूपी 33 नंबर 8597) से ड्राइवर के साथ कृषि रक्षा इकाई महराजगंज से धान का बीज लेकर शिवगढ़ कृषि रक्षा इकाई गया था।
लौटते समय शिवगढ़ थाना क्षेत्र के रामपुर मोड़ के पास साइकिल सवार के आ जाने पर ड्राइवर ने गाड़ी दाएं तरफ मोड़ दी तभी एक कार लहराते हुए लोडर के ठीक सामने आ गई, जिससे दोनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
इसके बाद कार सवार तीन युवक गाली-गलौज करते हुए उतरे. जिससे डरकर ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भागा। बताते हैं कि कार में एक युवक शिवगढ़ के ओसाह निवासी बछरावां से सपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष राकेश त्रिवेदी उर्फ आलू महराज का पुत्र अनुज त्रिवेदी सवार था। जबकि गोलू शुक्ला निवासी गोविंदपुर थाना शिवगढ़ व एक अज्ञात भी बैठा था।
पीड़ित का कहना है कि मैंने उनसे कहा भी कि जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई कर दूंगा, लेकिन तीनों ने कहा कि खून का बदला खून से लिया जाएगा। नुकसान की भरपाई तो करवा ही लूंगा और फिर हमको लाठी-डंडों से पीटा।
बताया कि पिटाई से बाएं कान से सुनाई देना बंद हो गया है। यहीं नहीं दबंगों ने पीड़ित को फावड़े से काटने की बात भी की, जिससे डरकर पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा। आरोप है कि वह लोग लोडर गाड़ी भी उठा ले गए।
शिवगढ़ थानेदार रविंद्र सोनकर का कहना है कि मामले में पीड़ित पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। फिलहाल सपा नेता के बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
चुनावी रंजिश में परिवार को मारने की कोशिश : सपा नेता
सपा विधानसभा अध्यक्ष राकेश त्रिवेदी का कहना है कि चुनावी रंजिश में उनके परिवार को जान से मारने की नियत से लोडर से टक्कर मारी गई। पुलिस को मामले में कार्रवाई करनी चाहिए।
सपा नेता का कहना है कि उनका छोटा बेटा अनुज त्रिवेदी अपनी बहन को छोड़ने उसके गांव सराय छत्रधारी जा रहा था। रास्ते में जगदीशपुर रामपुर गांव के पास वह लघुशंका करने के लिए उसने किनारे गाड़ी खड़ी कर दी। बहन, भाभी व दो भतीजी उसी गाड़ी में बैठी थीं। इसी दौरान लोडर ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे उनके परिवार के लोगों को चोटें आईं। मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, अन्यथा इस मामले की शिकायत एसपी से की जाएगी।