रायबरेली/ऊंचाहार। प्रयागराज से गोरखपुर लौटने वाली वंदेभारत बुधवार को देर शाम लगभग डेढ़ घंटे विलंब से आई। वजह यह कि प्रयागराज में रेलवे ट्रैक पर काम चल रहा था। इस कारण ट्रैफिक ब्लॉक था। यह ट्रेन रायबरेली स्टेशन पहुंची तो अपने तय समय दो मिनट की जगह लगभग आठ मिनट रोकी गई। इसके पीछे वजह यह बताई गई कि आगे दौड़ रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से रायबरेली-गंगागंज के बीच मवेशी कट गया था। ट्रैक क्लियर होने के बाद वंदेभारत रवाना की गई। मवेशी के टकराने के कारण काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी रास्ते में करीब 20 मिनट रोकी गई, जिससे यह ट्रेन बछरावां स्टेशन पर करीब आधे घंटे विलंब से पहुंची। ऊंचाहार के आरपीएफ प्रभारी एसके सिंह ने बताया कि अटरामपुर और फाफामऊ के बीच ट्रैफिक ब्लॉक होने के कारण वंदेभारत लेट हुई है।