रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली तीन ट्रेनें रविवार को नहीं आएंगी। मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। गोरखपुर और प्रयागराज के बीच दौड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (अप-डाउन दोनों) लखनऊ तक ही चलाएगी।
वंदे भारत लखनऊ से रायबरेली होते हुए प्रयागराज तक निरस्त रहेगी। शनिवार को नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, टनकपुर-शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस, देहरादून-बनारस जनता मेल और बनारस-देहरादून जनता मेल निरस्त रही। प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस व प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर पौने दो घंटे, लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस व लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर सवा घंटे, प्रयागराज-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस व पटना-जम्मू तवी अर्चना एक्सप्रेस एक घंटे, चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस पौन घंटे और सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल व अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल आधे घंटे विलंब से आई। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि कोहरे और माघ मेला की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित है।