रायबरेली। जिले को वैक्सीन न मिलने के कारण शनिवार को टीकाकरण काफी प्रभावित रहा। सेंटरों पर पहले से उपलब्ध करीब 1,820 टीके ही लगाए गए। इसमें 330 टीके शहर के दो सेंटरों पर लगाए गए। वैक्सीन आने के बाद अब 12 जुलाई को टीकाकरण होगा।
शुक्रवार को जिले को वैक्सीन न मिलने के कारण शनिवार को टीकाकरण प्रभावित रहा। तमाम सेंटरों पर लोग टीका लगवाने के लिए पहुंचे, लेकिन टीकाकरण ठप होने के कारण लोगों को सेंटरों से वापस लौटना पड़ा।
एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय ने बताया कि शहर में 330 डोज वैक्सीन बची थी, उसे शनिवार को लोगों में लगाया गया। इसमें गुरुनानक नगर में 100 और जिला अस्पताल में 230 लोगों में टीके लगाए गए। इसके अलावा शेष टीके जिन सीएचसी में उपलब्ध था, वहां लगाए गए।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि अमावां में 78, बछरावां में 230, एम्स में 40, डलमऊ में 80, हरचंदपुर में 21, जगतपुर में 12, खीरों में 90, लालगंज में 270, नसीराबाद में 40 और सलोन में 20 लोगों को टीके लगाए गए। वैक्सीन न होने के कारण कई ब्लॉकों में टीकाकरण नही कराया गया। क्लस्टर टीमें भी टीका लगाने के लिए नहीं भेजी गईं।