रायबरेली। शासन से वैक्सीन की आपूर्ति न होने से मंगलवार को टीकाकरण सेंटर पर टीके खत्म हो गए। ऐसी स्थिति में 30 जून को टीकाकरण का काम नहीं होगा। मंगलवार को भी वैक्सीन की मात्रा काफी कम होने के कारण कई सेंटरों पर टीका लगवाने को लेकर लोगों में कहासुनी और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई।
जिले में मात्र 1300 लोगों को ही टीके लग सके। जबकि इससे पहले रोजाना 7 से 8 हजार लोगों को टीके लगाए जा रहे थे। विभागीय सूत्रों का कहना है कि 30 जून को शाम तक वैक्सीन आ सकती है। एक जुलाई से विशेष टीकाकरण अभियान शुरू होगा।
जिले में कोरोना वैक्सीन की भारी किल्लत हो गई है। पिछले करीब एक सप्ताह से पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन न मिलने के कारण टीकाकरण प्रभावित हो गया है। एक ओर जहां अधिक से अधिक टीका लगाने पर जोर दिया जा रहा है, वहीं पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन न मिलने के कारण लक्ष्य पूरा नहीं हो पा रहा है।
मंगलवार को जिला अस्पताल में टीका लगवाने के लिए लोगों में मारामारी रही। वैक्सीन बेहद कम होने के कारण आधे से अधिक लोग बिना टीका लगवाए ही वापस लौट गए। जिले में शेष बची वैक्सीन 1300 लोगों में लगा दी गई।
जिला कोल्डचेन मैनेजर अनिरुद्ध शुक्ला ने बताया कि अब वैक्सीन की एक भी डोज नहीं बची है। ऐसी स्थिति में 30 जून को टीकाकरण रोक दिया गया है। 30 जून की शाम तक टीके आ जाएंगे, जिसके बाद एक जुलाई से टीकाकरण विशेष अभियान के रूप में शुरू होगा। दूसरी डोज के लिए मंगलवार को 1100 डोज ही वैक्सीन मिली।
जिले में इस सप्ताह टीकाकरण
तारीख कुल टीके लगे
22 जून 8,008
23 जून 6,230
24 जून 4,896
25 जून 6,270
26 जून 3,741
28 जून 6,032
29 जून 1,300
लोग जागरूक हुए तो वैक्सीन की किल्लत बढ़ी
अब तक लोग टीका लगवाने से भाग रहे तो जिले में वैक्सीन की भरमार थी, लेकिन अब लोग जागरूक हो गए और टीका लगवाने के लिए सेंटरों पर पहुंचने लगे हैं तो विभाग वैक्सीन ही उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है। ऐसी स्थिति में शासन की मंशा पूरी नहीं हो पा रही है।
वर्क प्लेस निरस्त, शहर के सेंटरों पर लगे 750 टीके
एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय ने बताया कि वैक्सीन की कमी के कारण मंगलवार को वर्कप्लेस पर टीकाकरण नहीं कराया गया। शहरी क्षेत्र में 750 लोगों में टीके लगाए गए।
महिला स्पेशल सेंटर पर 60 और अभिभावक स्पेशल सेंटर पर 55 लोगों को टीके लगाए गए। आईएमए में 85, सीएचओ हाल में 90, पीएचसी देवानंदपुर में 110, गोराबाजार में 120 लोगों को टीके लगे। इसके अलावा 45 वर्ष से अधिक उम्र के 230 लोगों में टीके लगाए गए। वैक्सीन न होने के कारण 30 जून को टीकाकरण नहीं होगा।
15 मरीज हुए स्वस्थ, एक भी पॉजिटिव नहीं
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि जिले में शनिवार को 4635 लोगों की जांच की गई, जिसमें कोई भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला। साथ ही 16 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जिले में 83 एक्टिव मरीजों में 30 मरीजों को होम आइसोलेट कराया गया है। रेलकोच के एल-2 अस्पताल में दो और एम्स के एल-3 अस्पताल में तीन मरीजों का इलाज चल रहा है।