रायबरेली। जिले में शनिवार को भी टीकाकरण का काम जारी रहा। शहरी क्षेत्र में 735 युवाओं और 166 वरिष्ठ जनों में कोरोना के टीके लगाए गए। 50 शिक्षकों ने भी बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर टीका लगवाया।
टीकाकरण को लेकर महिलाओं में उत्साह देखने को मिला। 20 जून को सभी सेंटरों के लिए स्लाट खोले जाएंगे। लोग टीकाकरण करके अपने मोबाइल से भी बुकिंग करवा सकते हैं।
एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय ने बताया कि रविवार की सुबह बुकिंग के लिए स्लॉट सुबह 10 बजे खोले जाएंगे। जिस सेंटर पर जो भी टीका लगवाना चाहता है, वहां के लिए वह बुकिंग करवा सकता है।
शनिवार को शहरी क्षेत्र में कुल 891 लोगों मे टीकाकरण हुआ। इसमें 166 वरिष्ठजन और 725 युवा शमिल हैं। उन्होंने बताया कि महिला स्पेशल सेंटर पर 60 और अभिभावक स्पेशल सेंटर पर 54 लोगों ने टीका लगवाया।
आईएमए भवन में 80, सीएचओ हाल में 80, पीएचसी गोरा बजार में 90, देवानंदपुर में 91 लोगों ने टीका लगवाया। रेलवे स्टेशन पर 80, एलआईसी में 70, बीएसए में 50, कोर्ट में 70 लोगों ने टीका लगवाया। 45 वर्ष से अधिक उम्र के 166 लोगों ने ही टीका लगवाया।
कोरोना संक्रमित 14 मरीज स्वस्थ, 132 एक्टिव केस
जिले में शनिवार को कोरोना संक्रमित 14 और मरीज स्वस्थ हो गए। अब जिले में मात्र 132 एक्टिव केस ही शेष बचे हैं। जांच में 10 नए मरीज मिले हैं। जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि जिले में शनिवार को भी एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है, जबकि रेल कोच के एल-2 में छह, एम्स के एल-3 अस्पताल में तीन मरीजों का इलाज चल रहा है।
जिले में अलग-अलग टीमों ने पहुंचकर 4100 लोगों की कोरोना की जांच की, जिसमें मात्र 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पहले से कोरोना संक्रमित 14 मरीज स्वस्थ हो गए। जिले में 132 एक्टिव मरीजों में 36 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है।