एरिया थाने पहुंचकर घेराव किया
घटना की जानकारी पर सभासद जयप्रकाश वर्मा, कुसुमा, श्रवण कुमारी, आसिफ, दीनदयाल, सबिस्ता बृजेश, कमरुद्दीन, अमर सिंह, रामसजीवन, सुनीता पाल ने मिल एरिया थाने पहुंचकर घेराव किया। मामले में कार्रवाई की मांग की।
नगर पालिकाध्यक्ष शत्रोहन सोनकर भी पहुंचकर मामले में कार्रवाई कराने की बात कही। सभासद जय प्रकाश वर्मा ने बताया कि घटना के बाद पुलिस पीड़ित सभासद की दो बेटियों को थाने लाकर लॉकप में बंद कर दिया। मौके पर पहुंचकर बेटियों को घर पहुंचाया गया। मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा।
उधर, मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पीड़ित सभासद सुनीता पाल की तहरीर पर धौरहरा निवासी आलोक सिंह, राकेश सिंह, संतोष कुमार, रामकुमार, अनुज और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, जानमाल की धमकी समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों पक्षों के बीच जमीन का विवाद काफी समय से चल रहा है। मामले में हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
समय रहते हो जाती कार्रवाई तो न होता विवाद
सभासद सुनीता पाल पर हुए हमले की घटना पर सभासदों ने गहरी नाराजगी जताई है। सभासद परमजीत सिंह गांधी का कहना है कि सरकारी तालाब पर समय रहते अवैध कब्जा हटा दिया जाता तो यह विवाद न होता। पीड़ित सभासद की ओर से काफी पहले इसकी शिकायत भी पालिका में की गई थी।
यही नहीं घटना के बाद ईओ मौके पर जाकर पीड़ित सभासद का पक्ष जानने की कोशिश भी नहीं की। नगर पालिका की जमीनों पर अवैध तरीके से कब्जे हो रहे हैं, लेकिन यह देखने वाला नहीं है। अवैध कब्जेदारों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
टीम भेजी गई, होगी कार्रवाई-ईओ
नगर पालिका परिषद रायबरेली के अधिशासी अधिकारी (ईओ) स्वर्ण सिंह ने बताया कि पालिका की टीम मौके पर भेजी गई है। जांच में तालाब की जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा पाया गया तो उसे हटवाया जाएगा। साथ ही तालाब पर अवैध कब्जा करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।