यूपी की 403 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के भी संकेत
वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर चिराग पासवान ने पार्टी की रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि अभी किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने में जुटी है।
उन्होंने संकेत दिया कि राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार जरूरत पड़ने पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अकेले भी चुनाव मैदान में उतर सकती है। लोजपा को भाजपा की बी-टीम कहे जाने पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी केवल बहुजनों, भीम और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की टीम है।
चौखट-चौखट चिराग अभियान से जनता तक पहुंचेगी पार्टी
चिराग पासवान ने प्रदेशभर में जनता से सीधे जुड़ने के लिए चौखट-चौखट चिराग अभियान चलाने का भी एलान किया। इस अभियान के जरिये पार्टी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे और संगठन को मजबूत करने का प्रयास करेंगे।
जनसभा के जरिये चिराग पासवान ने साफ संकेत दिया कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने की तैयारी कर रही है। अब देखना होगा कि पार्टी का यह अभियान 2027 के विधानसभा चुनाव में किस तरह की राजनीतिक भूमिका तैयार करता है।