लालगंज कोतवाली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन।
लालगंज (रायबरेली)। गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक एसयूवी अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे डिवाइडर के नाले में जा गिरी। इससे कार सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसे के दौरान चार पहिया वाहन में आग भी लग गई। चंद मिनट में ही आग बुझ गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
राजस्थान के नागौर जिले के शिव कॉलोनी सदर निवासी श्रवणराम का परिवार दो वाहनों से 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए निकला था। परिवार काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन करने के बाद केदारनाथ जा रहा था। सुबह करीब छह बजे उमरामऊ गांव के पास एसयूवी अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे के क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए डिवाइडर के नाले में जा गिरी। अचानक आग लग गई, जो अपने आप बुझ गई।
हादसे में श्रवणराम के बेटे मोहित (16), बेटी कनक के अलावा भावना (13), आरती (23) समेत पांच लोग घायल हो गए। दूसरे वाहन सवार लोगों ने घायलों को सीएचसी लालगंज पहुंचाया, जहां मोहित की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लालगंज कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि हादसे की जांच कराई जा रही है।