सलोन (रायबरेली)। दबंगों ने दो दिन पहले मामा-भांजे की न सिर्फ पिटाई की, बल्कि 50 हजार रुपये छीन लिए। कनपटी पर तमंचा तानकर जानमाल की धमकी भी दी। रंजिश में घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने बुधवार देर शाम 10 हमलावरों के खिलाफ मारपीट, जानमाल की धमकी देने और रुपये छीनने का केस दर्ज किया है।
सलोन इलाके के मुर्तजा नगर उर्फ मुडवलिया निवासी अंकुश के मुताबिक 25 मार्च को अपने मामा अमृतलाल के घर से बाइक से बघौला जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले संजीत कुमार, मंजीत कुमार, सुरेश कुमार, रामबाबू पांडेय और छह अज्ञात हमलावरों ने घेराबंदी करके रोक लिया। इससे पहले कि कुछ समझ पाते कि हमलावरों ने हॉकी व लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें व उनके मामा की पिटाई की।
जेब में रखे 50 हजार रुपये भी निकाल लिए। विरोध किया तो कनपटी पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। शोरगुल पर आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए। घटना की तहरीर कोतवाली में दी। पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। इस पर जिला मुख्यालय पहुंचकर एसपी को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।
सीओ सलोन प्रदीप कुमार ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। जांच के बाद प्रकरण में कार्रवाई होगी।