डीएम के निर्देश पर डीएसओ और एसडीएम की टीम ने शनिवार को कस्बा स्थित एक मकान में छापा मारा। यहां पर 49 सिलेंडर और 46 चूल्हा समेत अन्य उपकरण बरामद हुए। अफसरों के मुताबिक उज्जवला योजना के तहत सिलेंडर और चूल्हा वितरण के लिए रखे गए थे।
डीएसओ की तहरीर पर पुलिस ने गैस एजेंसी संचालक और मकान मालिक के खिलाफ चुनाव आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। जिला आपूर्ति अधिकारी एपी सिंह, सलोन एसडीएम प्रदीप कुमार की टीम ने पुलिस बल के साथ कस्बा निवासी दशरथलाल गुप्ता के घर पर छापा मारा।
यहां पर 49 सिलेंडर बरामद हुए। इसमें 41 भरे, जबकि आठ खाली सिलेंडर के साथ 35 रेगुलेटर, 34 पाइप और 46 चूल्हे भी मिले। सलोन आपूर्ति निरीक्षक सुखदेव ने जांच की तो सभी सिलेंडर और सामग्री डीह गैस एजेंसी के मिले।
आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान गैस एजेंसी संचालक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि यह सभी सामान उज्जवला योजना के तहत वितरण के लिए रखा गया था। बरामद सभी सिलेंडर और उपकरणों को इंडेन गैस सर्विस सलोन एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया।
डीह एसओ जीडी शुक्ला ने बताया कि जिला आपूर्ति अधिकारी की तहरीर पर एजेंसी संचालक अखंड प्रताप सिंह और मकान मालिक दशरथ लाल गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसडीएम प्रदीप कुमार का कहना है कि घनी आबादी के बीच भरा सिलेंडर रखना अपराध की श्रेणी में आता है।
इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता था। एजेंसी संचालक और मकान मालिक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की भी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में रिपोर्ट भी दर्ज करायी जाएगी।