रायबरेली। शहर के इंदिरा नगर में पुलिस चौकी के पास और प्रगतिपुरम मोहल्ले में चल रहे दो नर्सिंग होम में प्रसव के बाद दो प्रसूताओं की मौत हो गई। दोनों ने बच्चे को जन्म दिया और उसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। परिवार के लोगों नेे इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। दोनों मामलेे में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
पहली घटना इंदिरा नगर में पुलिस चौकी के पास स्थित नर्सिंगहोम में हुई। लोधवारी डीह बबली (25) राधेश्याम को सोमवार की शाम को परिवार के लोग प्रसव पीड़ा के चलते नर्सिंगहोम लेेकर आए। वहां पर बबली ने बच्चे को जन्म दिया। इसकेे बाद बबली की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इस पर परिवार के लोगों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा करना शुरू कर दिया। मौके पर आए सदर कोतवाल शिव शंकर सिंह ने परिवार को शांत कराया। तहरीर मिलनेे पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
दूसरी घटना प्रगतिपुरम मोहल्ले में हुई। जहां के एक नर्सिंग होम में सोमवार शाम को कमालपुर बड़ैला डीह निवासी पूनम रावत (28) पत्नी सौरभ कुमार को प्रसव पीड़ा के चलते भर्ती कराया गया। पूनम ने एक बच्चे को जन्म दिया और थोड़ी देर बार उनकी हालत बिगड़ गई। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, पूनम की मौत हो जाती है। इसके बाद परिवार के लोग इलाज में लापरवाही की बात कहते हुए हंगामा करते हैं। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर जाती है और परिजनों की बात करती है। मिल एरिया थाना प्रभारी अजय कुमार राय ने बताया कि परिजनों के तहरीर देने पर कार्रवाई की जाएगी।