जिले में मंगलवार को वाहनों की रफ्तार ने पान दुकानदार समेत दो लोगों की जान ले ली। सदर कोतवाली क्षेत्र में बेकाबू ट्रक ने दुकानदार को कुचल दिया, जबकि भदोखर में अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ ने दम तोड़ा।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। मिल एरिया थाना क्षेत्र के पूरे झंझरा मजरे रुस्तमपुर निवासी सुरेंद्र मिश्रा उर्फ राजू दीवानी कचहरी गेट पर पान की दुकान चलाता था।
सुबह सुरेंद्र साइकिल से शहर आ रहा था। लखनऊ-इलाहाबाद मार्ग पर सिविल लाइंस चौराहा के पास इलाहाबाद की तरफ जा रहे बेकाबू ट्रक ने उसे कुचल दिया। उसे अस्पताल भी पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे में उसकी साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज रमेश पांडेय ने बताया कि ट्रक कब्जे में ले लिया गया है। चालक वीरभान निवासी प्रतापगढ़ को हिरासत में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
उधर, भदोखर थाना क्षेत्र के भुएमऊ गांव के पास अज्ञात वाहन ने 45 वर्षीय एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थानेदार एसएन यादव का कहना है कि सड़क हादसे की सूचना थाने पर नहीं दी गई है। वह घटना को दिखवा रहे हैं। तहरीर मिलने पर लिखा-पढ़ी की जाएगी।