रायबरेली। गल्ला व्यापारी सुखदेव लोधी की हत्या के मामले में फरार दो और बदमाशों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। खीरों थाना क्षेत्र के महरानीगंज निवासी गल्ला व्यापारी सुखदेव की बीते एक जुलाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी पत्नी सरोजनी देवी को गोली मारकर घायल कर दिया था। सोमवार को पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया था, जबकि तीन आरोपी फरार हो गए थे। यह घटना लूट के इरादे से की गई थी।
खीरों थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि गौतमनखेड़ा निवासी विनोद और लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे गड़़ेरियन गांव निवासी शिव कुमार उर्फ शिवलाल उर्फ केशु को पकड़ा गया है। एक बदमाश शिवम पासी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पकड़े गए बदमाशों के पास से तमंचा बरामद किया गया है।