ऊंचाहार और मिल एरिया थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। ऊंचाहार प्रतिनिधि के अनुसार के अनुसार रामपुर जिले के सिपनी थाना क्षेत्र के मझरा गांव निवासी राजू (19) पुत्र राम शंकर और उसके गांव का ही दोस्त विजय (21) पुत्र अशर्फीलाल के साथ रात में एक ही बाइक से झारखंड से अपने घर जा रहे थे।
लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर चड़रई चौराहा पर अज्ञात वाहन ने दोनों युवकों को टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क किनारे एक गड्ढे में गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने राजू को मृत घोषित कर दिया। थानेदार परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि युवक रामपुर जिले का रहने वाला था। वह झारखंड में कपड़े बेचने का काम करता था। अपने दोस्त के साथ घर जा रहा था। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। मामले में कार्रवाई होगी।
वहीं हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गंगागंज शोरा का रहने वाला सुधीर वर्मा (25) यहां शहर के एक होटल में वेटर का कार्य करता था। बृहस्पतिवार दोपहर बाइक से प्रगतिपुरम कॉलोनी की तरफ गया था। इसी दौरान मिल एरिया थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां सुधीर की मौैत हो गई। थानेदार विमल सिंह का कहना है कि हादसा किस वाहन से हुआ, इसका पता नहीं चल सका है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।