हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दोनों वाहनों में आग लग गई। कार सवार लोग तो बाल-बाल बच गए, लेकिन कार और बाइक जलकर राख हो गईं।
वाहनों में आग लगने से इलाकाई ग्रामीणों और उधर से गुजर रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग को काबू में किया।
उधर, भदोखर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उसके चालक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के पूरे चरिहा मजरे गोड़वा हसन निवासी कमलेश कुमार अरखा स्थित एक भट्ठे में मजदूरी करता था। कमलेश के पड़ोसी राम कुमार की बेटी की शुक्रवार को बारात आनी है।
कमलेश गुरुवार को ऊंचाहार सब्जी मंडी से बाइक से सब्जी लेकर लौट रहा था। बाबूगंज के पास रायबरेली की ओर आ रही बेकाबू कार पहले पुलिया से टकराई, फिर बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक से सवार कमलेश उछल कर दूर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल कमलेश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। कार करीब 150 मीटर तक बाइक को घसीटते हुए ले गई और फिर खड्ड में जाकर पलट गई।
टक्कर के बाद कार और बाइक दोनों में आग लग गई। कार्यवाहक थानेदार सौरभ शुक्ला फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। थानेदार ने बताया कि कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हुई है।
हादसे में दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे वे जल गए। कार सवार लोग किसी तरह बच निकले, लेकिन घटना के बाद वह मौके से भाग गए। कार जलने के कारण नंबर नहीं पता चल पाया।
इसका पता लगाया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उधर, भदोखर थाना क्षेत्र में कुचरिया-उत्तरपारा मार्ग पर बेला-भेला रेल क्रॉसिंग के पास पुआल लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई।
इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक महेंद्र यादव उर्फ रिंकू (24) उसके नीचे दब गया। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने उसे बाहर निकाल जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
महेंद्र यादव उर्फ रिंकू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। यही नहीं तीन महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी।