गर्मी की तपिश के साथ ही आग की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। रविवार को आग से दो मकान और 45 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। फसल बचाने में तीन किसान झुलस गए। वहीं एक घर में लगी आग से एक मवेशी की जिंदा जलकर मौत हो गई।
हवा चलने की वजह से दमकल के जवानों और ग्रामीणों को आग काबू करने में मशक्कत करनी पड़ी। आग की घटनाओं में 10 लाख से ज्यादा के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
राही ब्लॉक क्षेत्र के मोहम्मदपुर कुचरिया गांव निवासी सुशील कुमार सुबह गेहूं की फसल की कटाई करने परिवार समेत गया था।
इसी दौरान उसके घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पड़ोसी राम प्रसाद के घर को भी अपनी चपेट में लिया। इससे पहले कि ग्रामीण आग को काबू में करते, दोनों घर जलकर राख हो गए। आग में खाने-पीने तक को कोई सामान नहीं बचा। आग की चपेट में आने से सुशील कुमार की एक गाय की जिंदा जलकर मौत हो गई।
करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ। प्रधान श्वेता शुक्ला के पति डिब्बन शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को राशन समेत अन्य सामान मुहैया कराया। तहसीलदार अशोक कुमार का कहना है कि पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।
इसी तरह पूरे गुरू मजरे सूरजकुंडा गांव में कुछ लोग महुआ के पेड़े की पत्तियां फूंक रहे थे। इसी दौरान गेहूं की फसल में लग गई। जब तक ग्रामीण आग बुझाते तब तक गांव के ही राम बहादुर और सीता की करीब दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
क्षेत्रीय लेखपाल सुनील निगम ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया। इसी ब्लॉक क्षेत्र के मटिहा गांव में घनश्याम, सरजू प्रसाद और गंगा पासी के खेतों में आग लग गई। यहां पर करीब 11 बीघा गेहूं की फसल जली।
फुरसतगंज प्रतिनिधि के मुताबिक बहादुरपुर ब्लॉक क्षेत्र के सरवन गांव की रहने वाली महेशा, रामपती, विद्या, सुरेंद्र, छोटेलाल, सूरजपाल, अशोक, हरिभजन, रामबरन, सुरसती के गेहूं की फसल में सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते इन सबकी 25 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
सूचना पर फुरसतगंज पुलिस ने पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से आग को काबू में किया। फसल बचाने के दौरान राकेश यादव, रमेश मौर्य, रामबरन झुलस गए। तिलोई एसडीएम डॉ. अशोक कुमार शुक्ला का कहना है कि लेखपाल को मौके पर भेजकर नुकसान का आंकलन कराकर पीड़ितों को सरकारी मदद दिलाएंगे।
इन्हौंना प्रतिनिधि के मुताबिक गोड़खरी निवासी शिवदत्त, हरि किशोर, देवी प्रसाद के गेहूं की फसल में आग लग गई। इससे दो बीघा गेहूं की फसल जल गई। सूचना पर दमकल के जवान लेट से पहुंचे तो ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।
राजस्व लेखपाल राजेश कुमार ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लेकर तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी। रोहनियां प्रतिनिधि के मुताबिक ऊंचाहार ब्लॉक क्षेत्र के महिमापुर गांव निवासी श्रीपाल, कल्लू, मंगरे, देशराज यादव व मैकूलाल का खेत ढर्रा गांव के पास है।
रविवार दोपहर खेत के पास खड़े महुआ के पेड़ के नीचे पत्तियों में किसी ने आग लगा दी। हवा के झोंके से आग गेहूं के खेत में लग गई। उस समय इसकी जानकारी किसी को नहीं हुई। थोड़ी ही देर बाद जब आग ने विकराल रूप अख्तियार किया, तब गांव वालों को पता चला।
आग की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना दमकल कर्मियों को दी गई। लगभग एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक गांव के लोग आग बुझा चुके थे। पांच बीघा गेहूं की फसल जली। एसडीएम एस सुधाकरन ने बताया मौके पर लेखपाल को भेजकर जांच कराई जाएगी।