रायबरेली। सतांव विकास क्षेत्र के दो परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापक बुधवार को बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। बीएसए ने उनका वेतन रोकने का आदेश दिया है। साथ ही बच्चों की उपस्थिति कम मिलने पर नाराजगी जताई। बीएसए ने बच्चों के साथ बैठकर मिड डे मील में बनी तहरी भी खाई।
बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय देदौर-द्वितीय में 42 बच्चे नामांकित हैं। यहां 24 बच्चे उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक मुनीष कुमार के हस्ताक्षर रजिस्टर पर मिले, लेकिन वह विद्यालय में उपस्थित नहीं थे। कक्षा चार की छात्रा उर्वशी से 19 का पहाड़ा सुना। सही पहाड़ा सुनाने पर बीएसए ने उसे पुरस्कृत किया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय बथुआ खास में 256 बच्चों के सापेक्ष 108 बच्चे उपस्थित मिले। मिडडेमील लकड़ी के चूल्हे पर पकाया जा रहा था, जिस पर गैस सिलेंडर का प्रयोग करने को कहा। प्राथमिक विद्यालय बथुआ खास में141 बच्चे उपस्थित थे।
उच्च प्राथमिक विद्यालय पूरे शिव बख्श सिंह में 165 में से 112 बच्चे उपस्थित मिले। वहीं प्राथमिक विद्यालय पूरे शिव बख्श सिंह में निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक भगवती प्रसाद बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
बच्चे भी विद्यालय परिसर के बाहर खेलते मिले, जिस पर विद्यालय स्टाफ को फटकार लगाई गई। यहां 250 में से 122 बच्चे उपस्थित मिले। प्राथमिक विद्यालय पोरई में 400 बच्चों के सापेक्ष 270 बच्चों की उपस्थिति रही। विद्यालय परिसर अच्छा मिलने पर प्रधानाध्यापक अशोक यादव को सम्मानित करने की बात कही।