रायबरेली। जिले के दो महाविद्यालयों में बुधवार को छात्र-छात्राओं को मुफ्त स्मार्ट फोन का वितरण किया गया। अपने हाथों में नया चमचमाता स्मार्ट फोन पाकर मौके पर मौजूद 260 विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। सभी ने भरोसा जताया कि इसकी मदद से अब पठन पढ़ाई में काफी मदद मिल सकेगी।
अंबेडकर महिला डिग्री कॉलेज बावन बुजुर्ग बल्ला में बीए तृतीय वर्ष की 162 छात्राओं को प्रबंधक सुशील पासी ने जबकि कुंवर मुनीद्र सिंह महाविद्यालय दीनशाह गौरा में संरक्षक शत्रुघ्न सिंह ने 98 विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन बांटे।
इस मौके पर निदेशक डॉ. कृष्णानंद श्रीवास्तव, प्रबंधक मनीषवर्धन सिंह व प्राचार्य डॉ. शैलेश प्रताप सिंह समेत महाविद्यालयों के शिक्षक व अन्य विद्यार्थी भी मौजूद रहे। वहीं
डलमऊ के गयादीन मौर्य स्मृति महाविद्यालय पखरौली में बुधवार को स्नातक के छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन का वितरण किया गया। प्राचार्य डॉ. आरपी मौर्य ने बताया कि स्मार्ट फोन मिलने से छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पढ़ाई में सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर रामलाल मौर्य, सुभाष कुमार, राम बिहारी बाजपेयी, सत्यकांत रावत, नीलम यादव आदि मौजूद रहे।