जिले में सर्दी का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को भोर में कड़ाके की ठंड रही, लेकिन सुबह 11 बजे सूर्य देव के दर्शन हुए तो कुछ राहत मिली, लेकिन शाम ढलते ही लोग फिर सर्दी के कारण घरों में दुबक गए।
उधर, खीरों क्षेत्र में ठंड से दो लोगों की मौत हो गई। परिवारीजनों से सूचना पर पहुंचे लेखपाल ने घटना की जांच की। एसडीएम ने कहा है कि मामले की जांच कराई जा रही है। यदि ठंड से मौत होने की पुष्टि हो गई तो सहायता दी जाएगी।
जमकोरियापुर निवासी श्रीपाल (72) शुक्रवार की शाम शौच के लिए गए थे, तभी उन्हें तेज ठंड लग गई। वह कांपते हुए घर पहुंचा। हालत बिगड़ने पर जब तक परिवारीजन उन्हें सीएचसी खीरों पहुंचाते, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। छोटे भाई रविशंकर ने कहा है कि उसके भाई की मौत ठंड लगने से हुई है।
दूसरी घटना में राजरानी (45) पत्नी रामफेर दो दिन से बीमार थी। शुक्रवार देर शाम शौच के लिए गई थी। वहां से ठंड से कांपते हुए घर पहुंची। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर नजदीक के एक प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गए, जहां पर डॉक्टर ने हालत नाजुक बताते हुए इलाज से इंकार कर दिया। जब तक परिजन उन्हें सीएचसी खीरों पहुंचाते, तब तक राजरानी की मौत हो गई। घर वालों का कहना है कि उनकी ठंड से मौत हुई है।
ठंड से हुई मौतों की सूचना मिली तो मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल संतोष कुमार ने घटना की जांच की। इस संबंध में उपजिलाधिकारी लालगंज मदन कुमार ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल के माध्यम से घटना की जांच कराई जा रही है। यदि ठंड से मौत होने की पुष्टि हो गई तो पीड़ित परिवार वालों को नियमानुसार सरकारी सहायता दिलाई जाएगी।