परशदेपुर (रायबरेली)। नसीराबाद थाना क्षेत्र में बुधवार की रात बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि मां-बेटी घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घायल मां-बेटी को सीएचसी के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइकें क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया। नसीराबाद थाना क्षेत्र के धरई गांव निवासी बाबूलाल (40) बाइक से मेंहदीगंज किसी काम से जा रहा था, जबकि डीह थाना क्षेत्र के पदमनपुर निवासी नन्हेंलाल (30) परिवार समेत मवई आलमपुर निष्कासन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर जा रहा था।
धरई चौराहा के पास दोनों बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाबूलाल के अलावा नन्हेंलाल, उसकी पत्नी रीता देवी (29), बेटी लज्जो (7) घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी नसीराबाद पहुंचाया, जहां पर डॉ. आनंद शंकर ने बाबूलाल व नन्हेंलाल को मृत घोषित कर दिया।
वहीं घायल रीता देवी, लज्जो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानेदार धीरेंद्र यादव का कहना है कि बाइकों की भिड़ंत से हादसा हुआ है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
बाइक की टक्कर से वृद्धा जख्मी
तिलोई। अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में पूरे दरसिंह मजरे चिलूली गांव की कलावती (75) बाइक की टक्कर से घायल हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने खेत जा रही थी। उसी सीएचसी तिलोई पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद चालक बाइक समेत फरार हो गया।