यूपी के रायबरेली में डेंगू का प्रकोप बढ़ गया है। जिला अस्पताल की प्रयोगशाला की जांच में दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। अब तक जिले में डेंगू के 17 मरीज मिल चुके हैं। बुखार के चपेट में आने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराई गई महिला की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। डेंगू के मरीज की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।
शहर के कांशीराम कॉलोनी निवासी गीता देवी (46) को बुखार आने के बाद दो दिन पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार को महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिला अस्पताल की प्रयोगशाला की जांच में महराजगंज के सिकंदरपुर निवासी अनूप कुमार (26) और लखनऊ की एक निजी प्रयोगशाला की जांच में लालगंज के बरिगांव निवासी योगेश कुमार (32) में डेंगू की पुष्टि हुई है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजाें के घर पहुंचकर मरीजों और उनके परिवार के लोगों की सेहत जांची। गांवों में नालियों में दवा का छिड़काव कराया गया। जिला मलेरिया अधिकारी रमेश चंद्र यादव ने बताया कि बारिश के बाद मौसम में बदलाव आया है। ऐसे में डेंगू और एईएस का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में लोग एहतियात बरतें।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सलीम ने बताया कि मच्छरों से बचें। घर के आसपास पानी एकत्र न होने दें। ठहरे पानी में मच्छरों के लार्वा बढ़ते हैं। किसी को भी लक्षण प्रतीत हो तो तुरंत नजदीक के अस्पताल पहुंचकर चिकित्सीय सलाह लें। समय से इलाज शुरू होने से मरीज आसानी से स्वस्थ हो जाता है।