रायबरेली। प्रयाग-कानपुर मार्ग पर ऊंचाहार क्षेत्र में स्थित एक रेल क्रॉसिंग को पार करते समय ट्रक ट्रैक के पास ही फंस गया, जिससे करीब साढ़े छह घंटे तक रायबरेली-ऊंचाहार रेल मार्ग ठप रहा। इस रूट पर दौड़ रही पांच गाड़ियों को आनन-फानन आसपास के स्टेशनों पर रोका गया। इस हादसे से रेलवे महकमे में हड़कंप मचा रहा। बीच रास्ते में रुकी ट्रेनों में सवार यात्रियों को काफी असुविधा हुई। इससे कई यात्री तो ट्रेन छोड़कर सड़क मार्ग से गंतव्य को रवाना हुए। ट्रक ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
तहसील क्षेत्र के सवैया धनी में रेल क्रॉसिंग पर गुरुवार को सुबह 6: 45 बजे कानपुर की ओर से आ रहा एक ट्रक बेकाबू होकर वहीं फंस गया। ट्रक का अगला हिस्सा ट्रैक के किनारे बने लोहे के एंगल को तोड़ता हुआ वहीं घुस गया, जबकि पिछला हिस्सा ट्रैक के करीब रहा। इससे रेलवे और सड़क यातायात ठप हो गया। सड़क पर जाम लगने लगा तो क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंची और रोड ट्रैफिक सामान्य कराने की कोशिश की। ट्रक को भी निकलवाने का प्रयास किया।
लेकिन क्रॉसिंग पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से लगाए गए एंगल के ट्रक में धंसे होने और आसपास गड्ढे में कीचड़ होने से सफलता नहीं मिली। क्रॉसिंग पर तैनात गेटमैन जितेंद्र कुमार ने ऊंचाहार स्टेशन को सूचना दी, जिससे कंट्रोल मैसेज करके इस रूट पर दौड़ रही गाड़ियों को रोका गया। सुबह 8.18 बजे ऊंचाहार स्टेशन पहुंची गंगा गोमती एक्सप्रेस को करीब पौने दो घंटे तक यहीं रोके रखा गया।
लगभग 10 बजे ऊंचाहार से गंगा गोमती चलाई गई, जिसे क्रॉसिंग से पांच किमी प्रति घंटा की रफ्तार से निकाला जा रहा था, लेकिन ट्रेन की बोगियां ट्रक के पिछले हिस्से से छूने लगीं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गंगा गोमती क्रॉस हुई, लेकिन अधिकारियों ने ट्रक के हटने तक कोई दूसरी ट्रेन क्रॉस कराने से मना कर दिया।
इस वजह से नौचंदी एक्सप्रेस रायबरेली स्टेशन पर सुबह 9.55 बजे से दोपहर 12.52 बजे तक, दरियापुर स्टेशन पर लखनऊ-प्रयाग इंटरसिटी सुबह 9.42 बजे से दोपहर 12.50 बजे तक, ऊंचाहार पैसेंजर सुबह 8.44 बजे से दोपहर 1 बजे तक खड़ी रही। एक मालगाड़ी को भी रास्ते में रोके रखा गया। रायबरेली और दरियापुर में खड़ी ट्रेनों में सवार यात्री पहले तो कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन हर किसी को जल्दी थी। सही जानकारी नहीं मिल रही थी कि आखिर ट्रेन कब चलेगी।
इस बीच गंगा गोमती एक्सप्रेस को जैसे-जैसे क्रॉसिंग से निकाला गया तो वह लखनऊ की ओर फर्राटा भरने लगी, क्योंकि यह गाड़ी काफी लेट हो चुकी थी। गंगा गोमती ट्रेन के मुसाफिरों ने दरियापुर और रायबरेली में खड़ी ट्रेनों के यात्रियों को जब क्रॉसिंग पर ट्रक फंसा होने की जानकारी दी तो अफरातफरी मच गई।
ट्रक कब निकलेगा और ट्रेन कब रवाना होंगी, इसका कोई अंदाजा न मिल पाने के कारण ट्रेनों से उतर कर यात्री सड़क मार्ग से गंतव्य को रवाना होने लगे। रायबरेली में खड़ी नौचंदी एक्सप्रेस की ज्यादातर बोगियां दोपहर 12 बजे तक खाली हो चुकी थीं। यही हाल दरियापुर में खड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस का भी था।
रायबरेली से ऊंचाहार के बीच चलने वाले पैसेंजर ट्रेन का टाइम टेबल गड़बड़ा गया। यह गाड़ी सुबह रायबरेली से अपने तय समय पर छूटी, लेकिन अगले स्टेशन पर तीन घंटे से ज्यादा समय के लिए रोक दी गई। इस गाड़ी को सुबह 9.25 बजे ऊंचाहार पहुंचना था, ताकि वहां से 9.55 बजे रायबरेली के लिए वापस चलाई जा सके, लेकिन दोपहर 1.11 बजे ऊंचाहार स्टेशन पहुंची।
इस वजह से पैसेंजर ट्रेन को ऊंचाहार से दोपहर 2.45 बजे चलाया गया, जो रायबरेली शाम 4.35 बजे पहुंची। रायबरेली के स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि ऊंचाहार में क्रासिंग पर ट्रक फंसा होने से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ था, जो अब सामान्य हो गया है। स्टेशन अधीक्षक ऊंचाहार आरएस यादव ने बताया कि सवैया धनी के पास क्रॉसिंग पर ट्रक फंस जाने से रेल यातायात बाधित हुआ। इससे पांच ट्रेनें प्रभावित हुईं, जिन्हें आसपास के स्टेशनों पर रोका गया। करीब छह घंटे 20 मिनट तक रेलवे ट्रैफिक बाधित रहा। अब यातायात सामान्य हो गया है। इस मामले में ट्रक ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।