लालगंज। कानपुर-रायबरेली हाईवे पर बरस गांव के पास शुक्रवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार श्रमिक को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन कब्जे में ले लिया है।
गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुरखेड़ा गांव निवासी वीरेंद्र उर्फ बउआ रैदास (25) पुत्र रामकिशुन मजदूरी करते थे। शुक्रवार शाम वह घरेलू काम से साइकिल लेकर निकले थे। रात करीब 10 बजे लालगंज से घर लौटते समय बरस गांव स्थित ढाबे के पास रायबरेली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी।
सड़क पर गिरने के बाद वीरेंद्र ट्रक के पहिये की चपेट में आ गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। हादसे के बाद मां सियावती व भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ लालगंज सुजीत राय ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
डिवाइडर से टकराई बीएसएफ डीएसपी की कार
लालगंज। गंगा एक्सप्रेस-वे पर शनिवार दोपहर उमरामऊ गांव के पास किलोमीटर संख्या 490 पर बीएसएफ के डीएसपी की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में डीएसपी मनोज कुमार पाठक और उनकी पत्नी उर्मिला पाठक गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र के कदेहरा गांव निवासी मनोज कुमार पाठक पत्नी के साथ दिल्ली से खरीदारी कर अपने गांव लौट रहे थे। उन्हें बेटे की शादी में शामिल होना था। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। सीओ सुजीत राय ने बताया कि दंपती का अस्पताल में इलाज चल रहा है।