रायबरेली। ऊंचाहार-फाफामऊ रेलखंड में अरखा और परियावां स्टेशनों के बीच शुक्रवार देर रात करीब दो बजे रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिर गया। इससे ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया। शनिवार सुबह पांच बजे पेड़ हटाए जाने के बाद आवागमन बहाल हुआ। इस दौरान तीन यात्री ट्रेनों और एक मालगाड़ी को आसपास के स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण अरखा और परियावां स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरा। जिस समय घटना हुई, उस समय एक मालगाड़ी अरखा से परियावां की ओर जा रही थी। मालगाड़ी को रास्ते में ही रोक दिया गया। इसी बीच बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस करीब 45 मिनट की देरी से ऊंचाहार स्टेशन पहुंची। इसे ऊंचाहार में सवा तीन घंटे तक रोका गया।
इससे ट्रेन की कुल लेटलतीफी चार घंटे हो गई। प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस और शक्तिनगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस को कुंडा हरनामगंज में रोका गया। इससे बरेली एक्सप्रेस सवा तीन घंटे और त्रिवेणी एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से रायबरेली पहुंची। जीआरपी प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि ट्रैक पर पेड़ गिरने से ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया था। रात में ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंच गई थी। टीम ने पेड़ को काटकर ट्रैक से हटाया, जिसके बाद सुबह आवागमन बहाल हो गया।
मालगाड़ी से कटा मवेशी, रोकी ऊंचाहार एक्सप्रेस
रायबरेली। प्रयागराज से चंडीगढ़ जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस शनिवार देर शाम लालगंज और रघुराज सिंह स्टेशन पर देर तक रोकी गई। इससे ट्रेन की लेटलतीफी करीब आधे घंटे हो गई। मालगाड़ी की चपेट में एक मवेशी आ गया था। इससे रास्ता साफ नहीं था। ट्रैक क्लियर होने के बाद ऊंचाहार एक्सप्रेस को रवाना किया गया।
ऊंचाहार एक्सप्रेस को लालगंज में 10 मिनट से अधिक और रघुराज सिंह स्टेशन पर 20 मिनट रोका गया। यातायात निरीक्षक बीएम वर्मा ने बताया कि रघुराज सिंह और तकिया स्टेशनों के बीच एक मवेशी मालगाड़ी की चपेट में आ गया था। ऊंचाहार एक्सप्रेस को कुछ देर रोकना पड़ा।