रायबरेली। कोहरे ने ट्रेनों की समयसारिणी बिगाड़ दी है। खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। वे समय से स्टेशन पहुंच जाते हैं, लेकिन कई घंटों तक इंतजार करना पड़ता है। गुरुवार को अर्चना एक्सप्रेस सात घंटे की देरी से आई, जबकि नौचंदी, पद्मावत, त्रिवेणी, पंजाब मेल समेत कई गाड़ियां तीन घंटे से भी ज्यादा देरी से रायबरेली स्टेशन पहुंची।
गुरुवार को जम्मू तवी से पटना जाने वाली गाड़ी संख्या-12356 अर्चना एक्सप्रेस लगभग सात घंटे, टनकपुर से शक्ति नगर जाने वाली गाड़ी संख्या-15076 त्रिवेणी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे और हावड़ा से अमृतसर जाने वाली गाड़ी संख्या-13005 पंजाब मेल साढ़े चार घंटे की देरी से चल रही हैं। ट्रेनों के इंतजार में यात्री स्टेशन पर इधर-उधर भटकते रहे।
पूछताछ काउंटर पर जाकर ट्रेनों के बारे में जानकारी करते रहे। दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली गाड़ी संख्या-14208 पद्मावत एक्सप्रेस और अमृतसर से हावड़ा जाने वाली गाड़ी संख्या-13006 पंजाब मेल साढ़े तीन घंटे, शक्ति नगर से टनकपुर जाने वाली गाड़ी संख्या-15075 त्रिवेणी एक्सप्रेस और सहारनपुर से प्रयागराज संगम जाने वाली गाड़ी संख्या-14512 नौचंदी एक्सप्रेस पौने चार घंटे लेट आई।
आसपास के जिलों को जोड़ने वाली कम दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेनें भी विलंब से आईं, जिससे दैनिक यात्रियों को दिक्कत हुई। इनमें प्रतापगढ़ से कानपुर जाने वाली गाड़ी संख्या-14123 इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे, बनारस से लखनऊ जाने वाली गाड़ी संख्या-15107 इंटरसिटी एक्सप्रेस पौन घंटे की देरी से आई।
बुधवार की रात गाड़ी संख्या-12184 प्रतापगढ़-भोपाल एक्सप्रेस एक घंटे और गाड़ी संख्या-15128 नई दिल्ली-वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सवा दो घंटे की देरी से रायबरेली स्टेशन पहुंची। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार का कहना है कि लंबी दूरी की ट्रेनें ज्यादा प्रभावित है। वजह यह कि कोहरे की वजह से ट्रेनें अपनी पूरी रफ्तार से नहीं दौड़ पाती हैं।