जायस (रायबरेली)। लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग पर जायस से रूपामऊ के बीच कराए गए दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण कार्य को सीआरएस के निरीक्षण के बाद हरी झंडी मिल गई।
इसी के साथ इस रेल पथ पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। शुक्रवार रात नए ट्रैक पर पहली गाड़ी के रूप में नई दिल्ली जा रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस दौड़ाई गई। इसके बाद पद्मावत और फिर मालगाड़ी समेत कई ट्रेनें चलाई गई।
अमेठी जिले के जायस और रायबरेली जिले के रूपामऊ स्टेशनों के बीच ट्रैक के दोहरीकरण के तहत करीब 20 किमी. लंबी नई रेल लाइन बिछाने के साथ ही विद्युतीकरण भी कराया गया है।
शुक्रवार को सीआरएस के निरीक्षण के बाद 140 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल भी लिया था। निरीक्षण करने के बाद देर शाम सीआरएस जैसे ही लखनऊ पहुंचे, इस रेल पथ को हरी झंडी दे दी।
इससे नए ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया। दोहरीकरण कराने वाली संस्था केईसी के प्रोजेक्ट मैनेजर जुबैर अहमद ने बताया कि सीआरएस के निरीक्षण के बाद दोहरीकरण को हरी झंडी मिल गई है। अब नए ट्रैक पर ट्रेेनें फर्राटा भरने लगी हैं।
स्टेशन अधीक्षक हजारीलाल मीणा ने बताया कि नए ट्रैक पर सबसे पहले ट्रेन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को दौड़ाया गया। वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली गाड़ी संख्या-05127 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को निर्धारित गति सीमा से चलाया गया।
इसके बाद प्रतापगढ़ से दिल्ली जाने वाली गाड़ी संख्या-04207 पद्मावत एक्सप्रेस को दौड़ाया गया। दोनों सवारी गाड़ियों के सकुशल संचालन के बाद झांसी जा रहे इंजन और फिर मालगाड़ियों को रात में ही तेज रफ्तार में दौड़ाया गया। शनिवार को पुरी से नई दिल्ली जा रही गाड़ी संख्या-02875, वाराणसी से देहरादून जा रही गाड़ी संख्या 04265 जनता मेल समेत अन्य गाड़ियां चलाई गईं।
ट्रेनों को रोक कर चलाने से हुई लेटलतीफी
रायबरेली। यात्रियों को लेकर दिल्ली की तरफ जाने वाली काशी विश्वनाथ और पद्मावत एक्सप्रेस ट्रेनों को रोककर चलाया गया। सीआरएस का निरीक्षण कार्यक्रम शुक्रवार शाम 6.30 बजे तक चला, जिससे दोनों ट्रेनें प्रभावित रहीं।
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस जायस स्टेशन पर अपने निर्धारित समय से दो घंटे की देरी से शाम 7.22 बजे पहुंची। यहां पर इसे आधे घंटे तक रोकने के बाद रात 7.54 बजे चलाया गया। यह गाड़ी पौने तीन घंटे की देरी से रात 8.46 बजे रायबरेली जंक्शन पहुंची। पद्मावत एक्सप्रेस पौने दो घंटे की देरी से रात 8.11 बजे जायस स्टेशन तो सवा दो घंटे की देरी से रात 9.13 बजे रायबरेली जंक्शन पहुंची।