रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के विलंब होने पर परेशान यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
ट्रेनों की लेटलतीफी से मुसाफिर बेहाल हैं। हर रोज मुसाफिरों को गतंव्य स्थान पहुंचने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल मंगलवार को 18 घंटे और राजेंद्र नगर से जम्मू के बीच चलने वाली अर्चना एक्सप्रेस 15 घंटे लेट चल रही है।
वहीं जनता एक्सप्रेस निरस्त चल रही है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्री स्टेशन पर पहुंचते हैं। ठंड से ठिठुरते हुए उन्हें ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है। विभागीय अफसरों का मानना है कि कोहरे की वजह से ट्रेनों के संचालन में दिक्कत आ रही है।
स्टेशन अधीक्षक एके श्रीवास्तव का कहना है कि अभी कुछ माह ऐसी स्थिति रहेगी और मौसम साफ होने पर ट्रेनों का संचालन पहले जैसा हो जाएगा। मंगलवार काे पंजाब मेल 18 घंटे
अर्चना एक्सप्रेस 15 घंटे, नीलांचल सुपरफास्ट एक घंटे, लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक घंटे, प्रयाग-लखनऊ इंटरसिटी एक घंटे लेट रही।
रेलवे स्टेशन पर पहुंचे यात्री सरवन पाल, शिवकरन का कहना था कि ट्रेनों के लेट होने की वजह से परेशान होना पड़ रहा है। एक घंटे से स्टेशन पर खड़ा हूं। अभी तक लखनऊ जाने के लिए कोई ट्रेन नहीं मिली है।
मुसाफिर गोवर्धन और रामकेश का कहना है कि लुधियाना जाना था, लेकिन अभी तक पंजाब मेल नहीं आई है। ट्रेनों के आने व जाने का कोई समय नहीं रह गया है। इस वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर कोई व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि समय से गतंव्य स्थान को पहुंचा जा सके।