रायबरेली। शहर के बीच स्थित गल्लामंडी ओवरब्रिज की मरम्मत का काम लगभग पूरा हो गया है। रविवार को बनारस से आई टीम ने ओवरब्रिज की जांच की। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले सप्ताह से ओवरब्रिज से पहले हल्के वाहनों का आवागमन शुरू हो सकता है। आवागमन शुरू होने से लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।
जहानाबाद चौकी से रतापुर चौराहा जाने वाले मार्ग पर गल्ला मंडी के पास सेतु निगम ने साल 2011 में ओवरब्रिज का निर्माण कराया था। 17 अगस्त 2025 को ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त हो गया। सरिया बाहर आ गईं और सड़क भी धंस गई थी। इसके बाद ओवरब्रिज से आवागमन रोक दिया गया। यह सड़क रतापुर के पास लखनऊ-प्रयागराज और अयोध्या को जोड़ती है। सेतु निगम की ओर से दो माह पहले मरम्मत का काम शुरू कराया था।
ओवरब्रिज से आवागमन बंद होने से वाहन चालकों को जहानापुर चौकी होते हुए त्रिपुला होकर निकलना पड़ रहा है। इससे लोगों को चार किमी का चक्कर काटना पड़ रहा है। एक करोड़ 35 लाख रुपये से चल रहे मरम्मत का काम लगभग पूरा हो गया है। बनारस से आई टीम में मनोज कुमार, आरबी सिंह समेत अन्य लोगों ने जांच की। टीम के सदस्यों ने बताया कि मरम्मत का काम लगभग पूरा हो गया है। अभी एक बार फिर जांच की जाएगी। अगले सोमवार तक आवागमन शुरू हो सकता है।