डलमऊ। डलमऊ-फतेहपुर मार्ग पर मौरंग भरा ट्रक पलटने से नौ घंटे वाहनों का आवागमन ठप रहा। इससे रायबरेली और फतेहपुर जिले जाने वाले मुसाफिरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तीन किमी तक वाहनों की कतार लगी रही।
शनिवार रात एक बजे मौरंग लादकर ट्रक फतेहपुर से रायबरेली की तरफ आ रहा था। गंगा नदी पुल के पास फतेहपुर की सीमा पर ट्रक अनियंंत्रित होकर पलट गया। इससे फतेहपुर सीमा से लेकर मुराईबाग कस्बे तक वाहनों की कतार लग गई। जाम के कारण एक-एक करके वाहनों को गंतव्य स्थान के लिए रवाना किया गया। ट्रक लेकर फतेहपुर जा रहे दिनेश यादव ने बताया कि पांच घंटे से जाम में फंसा हूं। कोई जिम्मेदार जाम हटाने के लिए नहीं आया। किसी तरह वाहन एक-एक करके निकाले जा रहे हैं।
फतेहपुर से रायबरेली आ रहे ट्रक चालक हसन अली ने बताया कि आवागमन ठप होने से परेशानी झेलनी पड़ रही है। खास बात ये रही कि आवागमन ठप रहा, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी सुबह छह बजे हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौरंग लदे ट्रक को हटाकर आवागमन सामान्य कराने का प्रयास किया, लेकिन जल्दी सफलता नहीं मिली। करीब 10 बजे जेसीबी से ट्रक को बाहर कराकर आवागमन को शुरू कराया गया। इस मार्ग से होकर प्रतिदिन 500 से ज्यादा भारी वाहन गुजरते हैं। कोतवाली प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि सूचना पर पहुंचकर जाम हटवाया गया।