रायबरेली। जिले के नोडल पुलिस अधिकारी एवं अपर पुलिस महानिदेशक पीसी मीणा दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को यहां पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अफसरों व थानेदारों की खामियां जानने के बजाय उनसे उनकी समस्याओं के बारे में पूछताछ की।
अपराध क्या स्थिति है, उसको लेकर क्या कदम उठाए जा रहे हैं, इसका पूरा फीड बैक लिया। ट्रैफिक व्यवस्था से वह नाखुश रहे और इसे हाईटेक बनाने पर जोर दिया। कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था आपके घर के ड्राइंग रूम की तरह है, जो अच्छी दिखनी चाहिए।
पहली दफा नोडल पुलिस अधिकारी के यहां आने को लेकर पुलिस अफसरों में हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस लाइंस के सभागार में एसपी स्वप्निल ममगाई, एएसपी शशिखेखर सिंह और समस्त सीओ के साथ हुई बैठक में नोडल पुलिस अधिकारी का पूरा फोकस पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने का रहा।
अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि जिन थानों पर कंप्यूटर खराब हैं, वहां के कंप्यूटर सही करा दें। जिन थानों पर सीयूजी नंबर काम नहीं करते हैं, वहां पर अन्य मोबाइल सेवा दुरुस्त करने के लिए अन्य कदम उठाए जाएं।
फायर गाड़ियों में भी वायरलेस सेट लगवाए जाएंगे, ताकि सूचनाओं का आदान प्रदान करने में आसानी हो सके। उन्होंने साफ कहा कि जिन थाना क्षेत्रों में कच्ची शराब बन रही हैं। संबंधित क्षेत्र के थानेदार यदि इसमें लिप्त पाए जाते हैं तो उन्हें तत्काल थाने से हटा दिया जाए।
पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। इसमें किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाए। इस मौके पर सीओ सदर गोपीनाथ सोनी, सीओ महराजगंज विनीत सिंह, सीओ लालगंज लक्ष्मीकांत गौतम समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
जिले के नोडल पुलिस अधिकार पीसी मीणा सबसे पहले 25वीं वाहिनी पीएसी पहुंचे, जहां पर उन्हें गार्ड ऑफ आनर दिया गया। उन्होंने पीएसी का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया।
इसके बाद वह पुलिस लाइंस के सभागार पहुंचे और वहां पर पुलिस अफसरों के साथ बैठक ली। 9 अक्तूबर को सोमू ढाबा में छात्र आदित्य प्रताप सिंह उर्फ रवि की हत्या के मामले में पुलिस की ओर से की गई त्वरित कार्रवाई पर जिले के नोडल पुलिस अधिकारी ने एसपी स्वप्निल ममगाई के कार्य का सराहना की।
साथ ही हरचंदपुर थानेे में बालिका के साथ हुए रेप के मामले के बाद महज 10 दिन की सुनवाई में आरोपी को आजीवन कारावास की सजा दिलाए जाने के मामले में एसपी और सीओ महराजगंज विनीत सिंह की तारीफ की। कहा कि इस तरह के कार्य किए जाने से आम जनता को लगता है कि पुलिसिंग व्यवस्था बेहतर हो रही है।
अपर पुलिस महानिदेशक ने दिए निर्देश-
अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाए
कालाधन अर्जित करने वाले अपराधियों पर करें कार्रवाई
जेल से छूटने वाले अपराधियों की सूचना ली जाए
शातिर अपराधियों पर निगरानी की जाए
टॉपटेन अपराधी जेल भेजकर फिर क्षेत्र में टॉपटेन अपराधी चिह्नित करें
जिन थानों पर कंप्यूटर खराब हैं, वहां पर कंप्यूटर सही कराए
फायर की गाड़ियों में वायरलेस सेट लगवाए जाए
ट्रैफिक व्यवस्था हाईटेक बनाने के लिए कदम उठाएं