कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने पहुंचे व्यापारी।
रायबरेली। यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित एमडीआर के विरोध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत सिंह बग्गा के नेतृत्व में व्यापारियों ने नारेबाजी कर प्रस्ताव वापस लेने की मांग की।
व्यापारियों ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार को सौंपा। उन्होंने कहा कि यूपीआई करोड़ों नागरिकों और व्यापारियों के लिए आसान भुगतान माध्यम है। इस पर अतिरिक्त शुल्क लगाना डिजिटल अर्थव्यवस्था की मूल भावना के विपरीत है। बढ़ती महंगाई और अन्य खर्चों के बीच एमडीआर छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगा।
प्रदेश संगठन मंत्री मुकेश रस्तोगी ने कहा कि कारोबार की लागत बढ़ाने वाला कोई भी निर्णय व्यापारी स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने प्रस्तावित एमडीआर तत्काल वापस लेने की मांग की। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। नगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने भी 15 अक्तूबर से प्रस्तावित एमडीआर वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन में राजेश शर्मा, आशु श्रीवास्तव, दिनेश पाल, सत्यांशु दुबे, अनुज त्रिवेदी, घनश्याम गुप्ता, मो. शाकिब, विनय शुक्ला, भौमेश सोनी, पवन अग्रहरि, प्रदीप पटेल और रजत कुमार मौजूद रहे।