बछरावां थाना क्षेत्र में बुधवार को प्रेशर पाइप फटने से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इससे उस पर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉली में हरा चारा लादकर निगोहा जा रहे थे।
मरने वाला युवक सीतापुर जिले का रहने वाला था। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां से घायलों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेपुर कर दिया गया। पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बछरावां थाना क्षेत्र के दोस्तपुर गांव से तीन लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली पर हरा चारा लादकर निगोहा लखनऊ ले जा रहे थे। दोस्तपुर गांव के बाहर अचानक तेज धमाके के साथ प्रेशर पाइप फट गया। इससे अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।
इससे ट्राली पर सवार राजेंद्र यादव (30) पुत्र कल्लू यादव निवासी सिघौली सीतापुर, विलायती (42) पुत्र भागीरथी निवासी सिघौली सीतापुर और चालक गुफरान (40) पुत्र इरफान निवासी बाराबंकी ट्रॉली के नीचे दब गये। आसपास के लोगों ने बमुश्किल सभी को बाहर निकाला।
पुलिस की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घायल विलायती व गुरफान की हालत चिंताजनक होने पर उनको जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानेदार अरविंद पांडेय का कहना है कि प्रेशर पाइप फटने की वजह से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, जिससे चलते हादसा हुआ।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ गांव के पास ट्रक और एसयूवी की आमने सामने की टक्कर हो गई। इसमें इंटर कॉलेज के तीन छात्र बाल-बाल बच गए। भवानीगढ़ गांव के पास शिवगढ़ की ओर से हामिद एसयूवी लेकर जा रहा था।
जिसमें इंटर की छात्रा मंतशा खान (18), आफरीन (16) और अफसिया (14) बैठी थी। बछरावां की ओर से आ रहे ट्रक से वाहन की टक्कर हो गई। सभी हादसे में बाल-बाल बच गए। पुलिस ने ट्रक चालक राकेश कुमार निवासी नरसिंहपुर प्रतापगढ़ को हिरासत में ले लिया। थानेदार अरविंद पांडेय का कहना है कि ट्रक कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा लिया गया है।