रायबरेली। जिले में संचालित व्यवसायिक वाहनों में ट्रैकिंग डिवाइस व पैनिक बटन लगवाना अब अनिवार्य होगा। इसके लिए वाहन स्वामियों को 31 मार्च 2026 तक की मोहलत दी गई है। इसके घेरे में जिले के 20 हजार से अधिक पुराने व्यवसायिक वाहन आएंगे। टैक्सी, बस और ट्रकों के वाहन स्वामियों को आगामी एक अप्रैल तक हर हाल में डिवाइस लगवाने का नोटिस भी भेजा जा रहा है। नए वाहनों के पंजीयन के लिए यह डिवाइस पहले से ही अनिवार्य की गई है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन अरविंद यादव ने बताया कि व्यवसायिक वाहनों के स्वामियों को आगामी एक अप्रैल से पहले ट्रैकिंग डिवाइस व पैनिक बटन वाहनों में लगवाने का मौका दिया गया है। सभी वाहनों में डिवाइस लगवाना होगा। नए वाहनों के पंजीयन के समय यह डिवाइस पहले से जरूरी है। इसके माध्यम से परिवहन विभाग कमांड सेंटर के जरिए वाहनों की लाइव लोकेशन ट्रैक करेगा, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि तय समयावधि तक ट्रैकिंग डिवाइस व पैनिक बटन न लगवाने वाले वाहनों को फिटनेस, प्रदूषण व नवीनीकरण की सुविधा से वंचित होना पड़ेगा। यात्रियों की सुरक्षा और वाहनों की निगरानी के उद्देश्य से शासन ने एक जनवरी से टैक्सी, यात्री वाहन, परमिट से जुड़ी बसों और तीन टन से अधिक भार ढोने वाले ट्रकों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) को लगवाना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही नेशनल और प्रदेश परमिट वाले भारी वाहनों और हैजर्डस गुड्स ढोने वाले ट्रकों में भी वीएलटीडी अनिवार्य किया गया है।
क्या होती है वीएलटीडी डिवाइस
वीएलटीडी से वाहन की सटीक लोकेशन और गति की जानकारी निरंतर मिलती रहती है। इसका उपयोग आपात स्थिति में कर कोई महिला एवं बच्चा सुरक्षा प्राप्त कर सकता है। वाहनों में लगा यह खास तरह का उपकरण सीधे परिवहन विभाग के कंट्रोल रूम से जुड़ा रहेगा ताकि आपात स्थिति में मानक का पालन करते हुए सीधे मदद मुहैया कराई जा सके।