रायबरेली। दीनशाह गौरा ब्लॉक क्षेत्र के गौरा हरदो गांव में आवंटित तालाब में किसी ने जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिससे हजारों मछलियां मरकर पानी में उतराने लगी। रविवार सुबह यह नजारा देखकर आवंटी के परिवार में हड़कंप मच गया।
मरी मछलियों की कीमत एक लाख रुपये बताई गई है। पीड़िता ने इसकी शिकायत गदागंज थाना पुलिस से की है। गौरा हरदो गांव स्थित तालाब का चंद्रशेखर का पट्टा है। वो तालाब में मछली पालन करता है। रविवार को वह तालाब की तरफ गया तो मरी मछलियां पानी में उतरा रही थी।
उसकी पत्नी मीरा देवी का आरोप है कि किसी ने तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया है। इससे बड़ी संख्या में मछलियां मर गई। मीरा देवी ने बताया कि मछलियों को बेचकर ही घर का खर्च चलता था। पीड़िता ने बताया कि करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
मरी मछलियों को जमीन में अंदर दफनाया गया है। क्षेत्रीय लेखपाल प्रवीण कुमार ने बताया कि जांच की गई है। पीड़िता को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। एसओ धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।