रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली तीन महत्वपूर्ण ट्रेनें 20 जून को नहीं आएंगी। इन ट्रेनों को दूसरे रास्तों से चलाया जाएगा। लखनऊ जिले के मोहनलालगंज और निगोहां स्टेशनों के बीच दो जगह रेलवे ट्रैक के नीचे काम होना है, जिसके लिए ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा और ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। ऐसे में यात्रियों को काम खत्म होने का इंतजार करना होगा या फिर रोडवेज बसों से यात्रा करनी होगी।
मोहनलालगंज और निगोहां स्टेशनों के बीच दो जगह रेलवे ट्रैक के नीचे सीमेंटेड बॉक्स रखना है। इसके लिए अप और डाउन दोनों लाइनें प्रभावित रहेंगी। दोनों लाइनों के ट्रैक को उखाड़ कर बॉक्स रखेंगे और फिर से पटरियां बिछा देंगे। ऐसे में ट्रेनों का आवागमन संभव नहीं होगा। जितनी देर के लिए काम चलेगा, उस दौरान गुजरने वाली तीन महत्वपूर्ण ट्रेनों का रास्ता बदल दिया गया है। इससे ये ट्रेनें रायबरेली जिले से नहीं गुजरेंगी, बल्कि सुल्तानपुर के रास्ते दौड़ाई जाएंगी।
प्रभावित होने वाली ट्रेनों में हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल और पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस शामिल है। तीनों ट्रेनें रूट डायवर्जन के कारण 19 जून को बदले हुए रास्ते से चलेंगी। तीनों ट्रेनें अगले दिन रायबरेली से होकर गुजरती हैं, इसलिए 20 जून को ये ट्रेनें नहीं आएंगी। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि निगोहां और मोहनलालगंज स्टेशनों के बीच काम होगा, जिससे ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा।