जेकेएम कंपनी के डायरेक्टर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे आरोपियों पर शिकंजा कसता जा रहा है।
एक तरफ जहां कोर्ट में हाजिर न होने पर पुलिस ने तीन आरोपियों के घरों में कुर्की की नोटिस चस्पा दी है, वहीं एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं। एसपी का कहना है कि हर हाल में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
जेकेएम कंपनी की ओर से यहां शारदा नहर से होकर रिंग रोड का निर्माण कराया जा रहा है। पांच महीने पहले कंपनी के डायरेक्टर वैभव जालान से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
इस मामले में मिल एरिया पुलिस ने सदर विधायक अखिलेश सिंह और रिंकू सिंह निवासी पिंडारीकला, प्रशांत सिंह निवासी नेवाजगंज और पंकज सिंह निवासी स्वामी का पुरवा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
कोर्ट में हाजिर न होने पर पुलिस ने रिंकू, प्रशांत, पंकज के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की है। इसके तहत सभी के घरों पर कुर्की करने की नोटिस चस्पा कर दी गई है।
एसओ अरुण शुक्ला के मुताबिक, वहीं सदर विधायक अखिलेश सिंह के बीमार होने के चलते उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई नहीं हुई है। अब रिंकू, प्रशांत, पंकज की गिरफ्तारी के लिए एसपी मोहित गुप्ता ने मिल एरिया, महराजगंज और सदर कोतवाल के नेतृत्व में तीन टीमें गठित कर दी हैं।
एसपी का कहना है कि टीमें गठित करके आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। जल्द तीनों को गिरफ्तार किया जाएगा।