रायबरेली। लॉकडाउन के दौरान रोक के बाद भी ओपीडी और बच्चों को भर्ती करके इलाज करने वाले शहर के नर्सिंगहोम के संचालक में कोरोना की पुष्टि होने के बाद हड़कंप मच गया है। बाल रोग विशेषज्ञ ने लक्षण आने पर निजी पैथालॉजी से जांच कराई थी। कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट आते ही रात में ही उसके अस्पताल को बंद कराकर उसे पहले बटोही रिसॉर्ट में शिफ्ट किया गया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
चिकित्सक की पत्नी, मां, तीन बच्चे, नौकरानी और अस्पताल का 15 लोगों का स्टाफ क्वारंटीन में रखा गया है। इसके अलावा रोहनियां ब्लॉक के सराय अख्तियार गांव के दो लोगों में भी कोरोना की पुष्टि होने के बाद मरीजों को अस्पताल में शिफ्ट कराया गया। जिले में जमातियों के संपर्क में आए कोरोना पॉजिटिव के 44 केस पाए गए थे। सोमवार को यह संख्या बढ़कर 47 हो गई।
शहर के मधुबन रोड स्थित एक नर्सिंगहोम के संचालक ने आशंका होने पर एक निजी पैथालॉजी से कोरोना की जांच कराई। रविवार रात बाल रोग विशेषज्ञ में कोरोना की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य व जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। रात में ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नर्सिंगहोम बंद करा दिया। कोरोना संक्रमित चिकित्सक को बटोही रिसॉर्ट में ले जाकर भर्ती करा दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित चिकित्सक की मां, पत्नी, तीन बच्चे और नौकरानी के साथ नर्सिंगहोम में काम करने वाले 15 लोगों के स्टाफ को भी बछरावां के क्वारंटीन सेंटर में भेज दिया गया। उधर सोमवार की शाम दो और कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दोनों रोहनियां ब्लॉक के सराय अख्तियार गांव के रहने वाले हैं। उन्हें भी बटोही रिसॉर्ट में शिफ्ट करा दिया गया है। जिले में कोरोना से संक्रमित पाए गए छह और लोगों की जांच निगेटिव मिली है।
रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सोमवार को फिर से सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। यह रिपोर्ट भी निगेटिव आने के बाद संबंधितों को अस्पताल से छोड़ा जा सकता है। जिले में अब तक कोरोना के 47 केस मिल चुके हैं। इसमें 10 लोगों को लखनऊ रेफर किया गया है। पूर्व में दो संक्रमितों के ठीक होने के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है।
सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार को लखनऊ में भर्ती छह संक्रमित लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सोमवार को दोबारा सैंपल भेजा जा रहा है। इस रिपोर्ट में भी कोरोना निगेटिव मिलने के बाद उन्हें अस्पताल से छोड़ा जा सकता है। छतोह क्षेत्र के एक गांव में दिल्ली से आए युवक के घर के 10 लोगों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा पांच और लोगों को यहां भर्ती कराया गया है।
सभी के सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे जा रहे हैं। नर्सिंगहोम संचालक में कोरोना की पुष्टि होने के बाद संपर्क में आए अन्य लोगों को चिह्नित करने का काम भी शुरू हो गया है। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने बताया कि नर्सिंगहोम संचालक में कोरोना का संक्रमण मिलने के चिकित्सक को लखनऊ में भर्ती कराने के साथ ही उसकी मां, पत्नी, तीन बच्चे, नौकरानी और अस्पताल के 15 लोगों के स्टाफ को क्वारंटीन करा दिया गया है।
रोहनियां ब्लॉक क्षेत्र के दो लोगों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके अलावा पूर्व में संक्रमित पाए गए छह लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। दोबारा उनकी जांच के लिए सैंपल भेजा जा रहा है।