शुक्रवार को लालगंज कस्बे में एक घर में लगे मीटर की जांच करते वितरण खंड तृतीय के एक्सईएन पीके सिंह व एसडीओ रोहित सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में लाइन लॉस कम करना किसी चुनौती से कम नहीं है। उच्च स्तर पर हुई समीक्षा में जिले में 25 से 30 फीसदी लाइन लॉस पाया गया है। इसे कम करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए जिले में अभियान शुरू किया गया है।
इसके तहत प्रत्येक ट्रांसफार्मर से जुड़े उपभोक्ताओं के घरों की चेकिंग की जाएगी। साथ ही घरेलू कनेक्शन पर व्यावसायिक प्रयोग करने वालों को नया कनेक्शन दिया जाएगा। हर हाल में लाइन लॉस को 15 प्रतिशत तक लाना है।
पावर कॉर्पोरेशन के नोडल अफसर अशोक कुमार ने बताया कि सरकार की मंशानुसार जिले में लाइन लॉस कम करने के लिए पहले चरण में वितरण खंड प्रथम और तृतीय (लालगंज) को शामिल किया गया है।
शहर में सबसे पहले विद्युत उपकेंद्र तेलियाकोट से निर्गत टाउन तृतीय फीडर की चेकिंग की जाएगी। खास बात यह है कि घरेलू कनेक्शन पर व्यावसायिक बिजली प्रयोग करने वालों को नया कनेक्शन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर में एसडीएम टाउन अमित कुमार, अवर अभियंता रामलखन, हेमंत मिश्रा, प्रवण पांडेय सहित पांच सदस्यों की टीम गठित कर दी गई है।