बछरावां। सेहगों पश्चिम गांव में मंगलवार रात चाेरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। चोरों ने बीस हजार की नकदी और एक लाख के जेवर पार कर दिए। एक गृहस्वामी पर लोहे की रॉड फेंककर हमला किया। घटना रात करीब दो बजे के आसपास की बताई जा रही है।
मंगलवार रात चोर सबसे पहले कपिल कुमार के घर में छत के रास्ते से दाखिल हुए। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर बीस हजार की नकदी समेत एक लाख रुपये के जेवर चुरा लिए। कपिल परिवार समेत दूसरी मंजिल सो रहे थे। पड़ोस के प्रमोद कुमार के घर चोर दरवाजे की कुंडी तोड़ कर दाखिल हुए। इस दौरान घर के लोग उसी कमरे में सो रहे थे। ऐसे में घटना नहीं हो सकी।
इसके बाद अशोक कुमार के घर के चोरों ने ताले तोड़ दिए और ग्रिल भी काट दी। घर की रखवाली कर रहे फूलचंद ने खटपट की आवाज सुनी तो उनकी नींद खुल गई। उन्होंने आवाज लगाई तो चोर ने उन पर लोहे की रॉड फेंककर हमला किया। गनीमत रही कि वह बच गए। शोर शराबा सुनकर मोहल्ले के लोग जाग गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सीओ प्रदीप कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
सेहगों गांव में भी हुई चोरी
सेहगों गांव में मंगलवार की रात बाजार मलिक व जनकदुलारी तालुकेदारी इंटर कॉलेज की संस्थापक विजयलक्ष्मी के घर में भी चोरी की घटना हुई। विजयलक्ष्मी का कहना है कि वह घटना के समय लखनऊ स्थित घर में थीं। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस जांच करने नहीं पहुंची।